सभी प्रविष्टियाँ

सम्स्कारा की स्कूल यूनिफ़ॉर्म के डिज़ाइन में बच्चों की भागीदारी

रोज़ यूनिफ़ॉर्म पहनने वाले बच्चों की अपनी पसंद क्या है? पढ़िए कैसे सम्स्कारा के विद्यार्थियों ने अपने विचार सामने रखे और अपनी स्कूल यूनिफ़ॉर्म का डिज़ाइन तय करने में हिस्सा लिया।

बच्चे स्कूल के ईंटों की दीवारों वाले गलियारे से गुज़र रहे हैं।

सम्स्कारा अकादमी में यूनिफ़ॉर्म के कपड़े, रंग और बनावट में भी विद्यार्थियों की कल्पना और उनकी अपनी पसंद झलक सकती है। पिछले साल के आख़िरी दिनों में, जब स्कूल का साल समापन की ओर था, बच्चों में एक अलग ही उत्साह था। स्कूल की नई यूनिफ़ॉर्म डिज़ाइन करने का वक़्त आ गया था और इस बार उसकी बागडोर उनके हाथों में थी।

यूनिफ़ॉर्म बनाने वाले से बात करने से लेकर रंग, पैटर्न और छोटी-छोटी बारीकियाँ तय करने तक, हर कदम विद्यार्थियों ने खुद उठाया। दिसंबर में शुरू हुई एक बातचीत जल्द ही सबकी साझी परियोजना बन गई। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने तक यूनिफ़ॉर्म तैयार थी। उसमें बच्चों की पसंद भी झलक रही थी और स्कूल से उनका अपनापन भी।

क. इस बार विद्यार्थियों ने ज़िम्मेदारी क्यों सँभाली?

पहले यूनिफ़ॉर्म का डिज़ाइन स्कूल प्रशासन तय करता था। इस साल बदलाव की पहल विद्यार्थियों ने की। क्या पहनने में आरामदायक लगता है और उसका रूप कैसा हो, इस पर उनके अपने सुझाव थे। वे चाहते थे कि हर बच्चे की पसंद को ध्यान में रखा जाए और यूनिफ़ॉर्म दिखने में अच्छी होने के साथ रोज़ पहनने में भी सुविधाजनक हो। इसके लिए वे खुद काम करना चाहते थे।

ज़िम्मेदारी उनके हाथों में आई तो उन्हें अपनी ज़रूरत बताने और अपने विचारों को असली कपड़ों का रूप देने का मौका मिला। मकसद एक ऐसा डिज़ाइन तैयार करना था जिसे स्कूल के सभी बच्चे अपना मान सकें।

ख. यूनिफ़ॉर्म के रंग और पैटर्न

सम्स्कारा अकादमी को हमेशा मिट्टी, आसमान और अपने आस-पास की प्रकृति से प्रेरणा मिली है। वर्षों से स्कूल के रंग उसकी अपनी पहचान और मूल्यों से जुड़े रहे हैं। इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए नई यूनिफ़ॉर्म के रंग भी प्रकृति और मिट्टी से प्रेरित उन्हीं रंगों को ध्यान में रखकर चुने गए।

हमने तय किया कि सप्ताह के अलग-अलग दिनों के पहनावे में कुछ विविधता हो। सम्स्कारा के विद्यार्थियों को सलीकेदार कपड़ों के साथ आराम भी चाहिए। सोमवार और शुक्रवार के लिए हमने नीली कमीज़ें चुनीं। इनमें सामान्य शर्ट कॉलर और लड़कों के लिए चाइनीज़ कॉलर, यानी सीधा खड़ा रहने वाला कॉलर, शामिल हैं। दोनों ही सलीकेदार लगते हैं। मंगलवार के लिए सादी मैरून टी-शर्ट रखी गई, जिसका रंग स्कूल के मिट्टी से प्रेरित रंगों से मेल खाता है। गुरुवार की यूनिफ़ॉर्म चटख पीली है। इन कमीज़ों पर छपने वाले प्रिंट हमने शिक्षकों से खुद डिज़ाइन करने को कहे। इससे हर डिज़ाइन की अपनी पहचान और अपना अर्थ बना।

हफ़्ते के दौरान बदलते ये रंग और पैटर्न स्कूल की सोच को दिखाते हैं और बच्चों की दिलचस्पी भी बनाए रखते हैं। सबसे अहम बात यह थी कि बच्चे अपनी पसंद पर खुद फैसला लें और साथ ही ध्यान रखें कि यूनिफ़ॉर्म रोज़ पहनने के लिए आरामदेह और काम की हो।

ग. एक विचार से तैयार यूनिफ़ॉर्म तक

स्कूल की यूनिफ़ॉर्म समिति में प्राथमिक और हाई स्कूल, दोनों स्तरों के उत्साही विद्यार्थी शामिल थे। डिज़ाइन बनाना, कपड़ा चुनना और रंग तय करना उन्हीं की ज़िम्मेदारी थी। इन सभी फ़ैसलों में उनकी रचनात्मकता दिखाई दी।

विद्यार्थियों ने यूनिफ़ॉर्म बनाने वाले के साथ मिलकर काम किया। उन्होंने अपने डिज़ाइन साझा किए, अलग-अलग दिनों के लिए रंग चुने और यूनिफ़ॉर्म पर छापने के लिए अपने खास प्रतीक भी बनाए। हमने चाहा कि कपड़ा छूने में मुलायम हो और उसमें से आसानी से हवा आ-जा सके। इस सोच में सम्स्कारा का दर्शन भी झलकता है। शिक्षक जड़ें हैं और बच्चे उन पर बढ़ता हुआ पौधा। सम्स्कारा वह पुल है जो बच्चों और शिक्षकों को जोड़ता है।

खुद काम सँभालने से विद्यार्थी हर पहलू में शामिल हुए। कपड़े की बनावट और रंग से लेकर उसकी फ़िटिंग और रोज़मर्रा के इस्तेमाल की बारीकियाँ तय करने तक, समिति की भूमिका अहम रही। इसी मेहनत से यूनिफ़ॉर्म ऐसी बनी जो देखने में अच्छी है और पहनने में आरामदायक और सुविधाजनक भी।

यूनिफ़ॉर्म में दो नई चीज़ें

इस साल यूनिफ़ॉर्म में दो बदलाव और हुए हैं।

  • लड़कियों के लिए स्कॉर्ट: काफ़ी बातचीत के बाद प्राथमिक और हाई स्कूल, दोनों की छात्राओं के लिए स्कॉर्ट को यूनिफ़ॉर्म में शामिल किया गया। यह स्कर्ट और शॉर्ट्स को मिलाकर बना पहनावा है। इसके डिज़ाइन में रूप और आराम, दोनों का ध्यान रखा गया है ताकि छात्राएँ खुलकर चल-फिर सकें।
  • सम्स्कारा की हुडी: खासकर सर्दियों में या स्कूल से बाहर कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के लिए जाते समय बच्चे अपने घर से अलग-अलग रंग की जैकेट पहनकर आते थे। तब यूनिफ़ॉर्म में सबका पहनावा एक जैसा नहीं दिखता था। इसलिए हमने एक सदाबहार डिज़ाइन की हुडी और जैकेट चुनी। कपड़े की मोटाई ऐसी रखी गई कि विद्यार्थी उसे साल भर आराम से पहन सकें।

घ. डिज़ाइन में झलकती विद्यार्थियों की रचनात्मकता

शुरुआत में साथ बैठकर विचार जुटाने से लेकर अंतिम डिज़ाइन तय करने तक, पूरी प्रक्रिया विद्यार्थियों ने खुद चलाई और पूरी की। हर विद्यार्थी के सुझाव को महत्व मिला। हर पड़ाव पर बच्चों की रचनात्मकता दिखाई दी और उनके भीतर यह गर्व भी जगा कि यह काम उनका अपना है।

अब यूनिफ़ॉर्म स्कूल आकर पहनने की एक ज़रूरी चीज़ से बढ़कर विद्यार्थियों की साझी मेहनत, कल्पना और आपसी जुड़ाव की निशानी बन गई है। उसे पहनने का गर्व अपनी जगह है। उसे बनाने में बच्चों को मिलकर काम करने, मुश्किलों का हल ढूँढ़ने और अपनी अलग पसंद को ऐसा रूप देने का मौका भी मिला जिसे सब देख सकते हैं।

ङ. अंत में

सम्स्कारा अकादमी के विद्यार्थियों की डिज़ाइन की हुई यूनिफ़ॉर्म पहनावे में बदलाव के साथ स्कूल की एक प्रतिबद्धता भी दिखाती है। हम चाहते हैं कि बच्चों में रचनात्मकता, ज़िम्मेदारी और अपने समुदाय से जुड़ाव की भावना बढ़े। इस परियोजना में उन्होंने ऐसा कुछ बनाया जो उनकी अपनी पहचान दिखाता है। साथ ही उन्होंने सीखा कि मिलकर काम करना, उसकी ज़िम्मेदारी लेना और किसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर कुछ बनाना कितना मायने रखता है।

हमारी नई यूनिफ़ॉर्म पहनने के लिए तैयार है। उसमें यह कहानी भी दर्ज है कि कैसे बच्चों ने साथ मिलकर अपने विचारों को साकार किया। इसे हम सभी गर्व से पहन सकते हैं।